कड़े परिश्रम से ही बनेंगे भविष्य के ओलंपिक मेडलिस्ट
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़ बालाघाट – विश्व ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने चित्रकला के माध्यम से योग, स्वास्थ्य और ओलंपिक मूल्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम जिला खेल अधिकारी श्री राहुल बारेसा के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायालय के न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य श्री सतीश शर्मा तथा जिला एथलेटिक संघ के अध्यक्ष श्री नरेश धुवारे रहे। खिलाड़ियों ने विश्व योग दिवस और विश्व ओलंपिक दिवस की थीम पर आधारित चित्रों के माध्यम से मानव जीवन में योग, स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस के महत्व को दर्शाया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट खेल चित्रकारिता करने वाले 35 खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री सतीश शर्मा ने कहा कि कड़े परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से ही भविष्य के ओलंपिक मेडलिस्ट तैयार होंगे। उन्होंने खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों में योग और ओलंपिक के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन जिला खेल प्रशिक्षक श्री सजिन्द्र कृष्णन द्वारा जिला कराटे प्रशिक्षण केंद्र, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में कार्यालय प्रभारी श्री धीरज डोंगरे, वरिष्ठ कर्मचारी श्री योगेंद्र पटले, लिपिक श्री केदारनाथ ठाकरे, श्री शैलेंद्र यादव, श्री अजय ठाकुर (आकाशवाणी) तथा श्री कमल तिलासे सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Shabd Agni
.