आशिकाने रसूल अहले सुन्नत वल जमात के तत्वाधान में 25 को जलसा 26 को जुलूस
शब्द अग्नि / भोपाल। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर आशिकाने रसूल अहले सुन्नत वल जमात समिति मध्यप्रदेश के तत्वावधान में 25 अगस्त 2026 को भोपाल के अशोका गार्डन क्षेत्र में भव्य जुलूस एवं जलसे का आयोजन किया जाएगा। समिति के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता पीरजादा तौकीर निजामी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्यक्रम की जानकारी दी।
निजामी ने बताया कि पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक अवसर पर 25 अगस्त को 80 फीट रोड, अशोका गार्डन पर शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में मौलाना मुफ्ती शोर मोहम्मद लखनऊ उत्तर प्रदेश तशरीफ लाएंगे। इस दौरान धार्मिक विद्वानों के प्रवचन होंगे तथा लंगर का भी आयोजन किया जाएगा।
26 अगस्त को निकलेगा पारंपरिक मुख्य जुलूस
26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी का पारंपरिक रिवायती मुख्य जुलूस अशोका गार्डन स्थित फेम रेस्टोरेंट के पास 80 फीट रोड से शुरू होगा। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
जुलूस अशोका गार्डन से निकलकर सुन्नत के उलमा की हरी झंडी के साथ रवाना होगा और भोपाल अकादमी स्कूल रोड, नवीन नगर, सोनिया गांधी कॉलोनी चौराहा, दुर्गा धाम मंदिर के पास वाला रोड, थाना अशोका गार्डन, नेहरू चौराहा, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा, प्रभात चौराहा, पुल बोगदा होते हुए जिंसी चौराहे तक पहुंचेगा।
इसके बाद जुलूस चर्च रोड से होता हुआ सब्बन चौराहा, जहांगीराबाद, लाल परेड रोड और लिली टॉकीज चौराहे तक पहुंचेगा। यहां मुल्क के अमन चैन और खुशहाली के लिए विशेष दुआ के बाद कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
विभिन्न दलों और समाजों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना
आयोजकों के अनुसार इस बार जुलूस में प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा सभी धर्मों के धर्मगुरुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रेस विज्ञप्ति में मंत्री विश्वास सारंग, महापौर श्रीमती मालती राय, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विधायक आरिफ मसूद, विधायक आतिफ अकील, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव शफियान अजीज कुरैशी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव, व्यापारी संघ के अध्यक्ष गोविंद गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।
आयोजकों ने शहरवासियों से कार्यक्रम में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए शामिल होने की अपील की है।
Author: Shabd Agni
.