प्रधानमंत्री आवास योजना के बेघर हितग्राहियों को मिली घर की सौगात
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़ बालाघाट । शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद बालाघाट के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एएचपी (अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप) एवं बीएलसी (बेनिफिशियरी लेड कंस्ट्रक्शन) घटक के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को नवनिर्मित आवासों का आवंटन किया गया तथा पूर्ण हो चुके आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान एएचपी घटक अंतर्गत निर्मित आवासों की 18 हितग्राहियों को चाबियां एवं आवंटन पत्र प्रदान किए गए। वहीं बीएलसी योजना के तहत कच्चे मकानों को पक्का बनाने वाले हितग्राहियों के आवास निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उनका गृह प्रवेश संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालाघाट के उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, लोक निर्माण सभापति कमलेश पांचे, मनोनीत पार्षद गजेंद्र भारद्वाज, प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश ऊके, उपयंत्री सुमित मोटवानी, सुश्री शील भलेवार सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने हितग्राहियों से समय पर आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें आगामी किस्तों का भुगतान शीघ्र प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हितग्राही पहली किस्त की राशि का उपयोग केवल आवास निर्माण कार्य में ही करें तथा अन्य कार्यों में राशि खर्च न करें।
Author: Shabd Agni
.