अगले वर्ष बड़े आयोजन की घोषणा
शब्द अग्नि/ धार
धार। शासकीय नंदराम चौपड़ा विद्यालय खेल मैदान पर गुरुवार रात रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट “दत्तीगांव ट्रॉफी 2026” का समापन हुआ। महांकाल इलेवन बालोदा ने रोमांचक फाइनल मुकाबले में प्रथम एग्रो एजेंसी बदनावर को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी दर्शक मौजूद थे, और जीत के बाद मैदान आतिशबाजी व जश्न से गूंज उठा। फाइनल मुकाबला महांकाल इलेवन बालोदा और प्रथम एग्रो एजेंसी बदनावर के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव और वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाषचंद्र धोका की उपस्थिति में टॉस हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए महांकाल इलेवन बालोदा ने निर्धारित 10 ओवर में 4 विकेट खोकर 156 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में, प्रथम एग्रो एजेंसी बदनावर की टीम 10 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 113 रन ही बना सकी। इस प्रकार, महांकाल इलेवन बालोदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला अपने नाम कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
समापन समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव मुख्य अतिथि थे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाषचंद्र धोका ने की। इस अवसर पर रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी अंबालाल रवाला तिरला, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार एवं सुनील मोदी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र सराफ सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने अगले वर्ष इस टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की घोषणा की। यूथ स्पोर्ट्स क्लब अध्यक्ष संतोष राव और आयोजन समिति के पंकज ठाकुर, विजय गोयल, चेतन प्रजापत, संदीप पाटीदार, राजा माली, बलदेव गुर्जर, हेमराज भाटी सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर क्षेत्र की प्रतिभावान कबड्डी खिलाड़ियों साक्षी राजावत, कशिश प्रजापत, वेदिका पाटीदार, प्रिया पाटीदार, अन्वेशा सेन, मधु सिर्वी एवं आकांक्षा गामड़ को भी सम्मानित किया गया।
Author: Shabd Agni
.