विश्व पर्यावरण दिवस पर क्रिश्चियन एमिनेंट स्कूल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इंदौर, । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर क्रिश्चियन एमिनेंट स्कूल के द्वारा अमितेश नगर छोटी पुलिया के पास स्थित बस्ती में पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं स्थानीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. इति शर्मा एवं विद्यालय की प्राचार्य त्रिपाठी मैडम ने किया। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसकी शुरुआत अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने से होती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों, कचरा प्रबंधन तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को यह भी समझाया गया कि प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने से पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अपने विचार साझा किए और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता दुर्गेश मंसूरीया ने विशेष सहयोग प्रदान किया। उन्होंने बच्चों एवं समुदाय के लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों एवं उपस्थित नागरिकों को शपथ दिलाई गई कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करेंगे, प्लास्टिक का उपयोग कम करेंगे तथा स्वच्छ एवं हरित समाज के निर्माण में अपना योगदान देंगे। क्रिश्चियन एमिनेंट स्कूल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों और समुदाय में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
Author: Shabd Agni
.