प्रतिभा का सम्मान समाज का सम्मान
JoSAA फीस और सेना (TES SSB) कोचिंग के लिए दी ₹27,000 की आर्थिक सहायता; छात्र ने व्यक्त किया आभार
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया
भोपाल/शाजापुर “प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती, बस उसे सही समय पर सही मार्गदर्शन और सहयोग मिल जाए।” इस कहावत को चरितार्थ करते हुए नव चेतना सेवा समिति ने एक बार फिर समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की है। समिति ने होनहार एवं जरूरतमंद छात्र अमन मालवीय के उच्च शिक्षा और देश सेवा के सपने को साकार करने के लिए समय पर आर्थिक मदद बढ़ाकर उनका संबल बढ़ाया है।
IIT (ISM) धनबाद में सीट सुरक्षित, सेना में जाने की तैयारी
समिति की ओर से अमन मालवीय को JoSAA काउंसलिंग सीट एक्सेप्टेंस फीस के लिए ₹15,000 तथा TES SSB इंटरव्यू (भारतीय सेना) की कोचिंग के लिए ₹12,000 (कुल ₹27,000) की सहायता राशि प्रदान की गई। इस सहयोग के बल पर अमन ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आई.आई.टी. (आई.एस.एम.) धनबाद [IIT (ISM) Dhanbad] में अपनी सीट पक्की कर ली है। साथ ही, वे 31 अगस्त 2026 को प्रस्तावित भारतीय सेना के SSB इंटरव्यू की तैयारी में जुटे हैं।
छात्र अमन मालवीय ने जताया सहृदय आभार
अपनी सफलता और समिति के सहयोग पर भावुक होते हुए अमन मालवीय ने कहा: ”मैं नव चेतना समिति का सहृदय एवं तहे दिल से आभार व्यक्त करता हूँ। समिति द्वारा सही समय पर दी गई आर्थिक सहायता मेरे जीवन के इस महत्वपूर्ण दौर में मील का पत्थर साबित हुई है। इसी सहयोग और मार्गदर्शन की बदौलत आज मैं IIT धनबाद में अपनी जगह बना पाया हूँ। यदि ईश्वर की कृपा से मेरा चयन भारतीय सेना में होता है, तो देश सेवा का मेरा सपना भी पूरा होगा। शिक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए समिति का यह निस्वार्थ समर्पण अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।”
समिति पदाधिकारियों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ
अमन की इस बड़ी उपलब्धि पर नव चेतना सेवा समिति मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री देवसिंह मालवीय, संरक्षक व नव चेतना समन्वयक समिति के प्रमुखों के अथक प्रयासों की सराहना की गई। समिति के सभी पदाधिकारियों ने अमन के इस चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और भारतीय सेना में चयन के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
Author: Shabd Agni
.