120 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़ बालाघाट – जिले में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई की श्रृंखला में 23 जून को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मृणाल मीना की अध्यक्षता में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे, श्री डीपी बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल तथा एसडीएम श्री गोपाल सोनी ने आवेदकों की समस्याएँ सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 120 आवेदक अपनी समस्याएँ लेकर पहुँचे।
बिरसा तहसील के ग्राम भड़गांव निवासी काशीराम चिचाम राष्ट्रीय बांस मिशन के तहत नर्सरी स्थापित करने के लिए बैंक ऋण अथवा सहायता राशि प्रदान किए जाने की मांग लेकर आये थे। उनका कहना था कि वे आदिवासी वर्ग से हैं, 12वीं उत्तीर्ण हैं तथा नर्सरी संचालन का अनुभव रखते हैं, लेकिन आर्थिक संसाधनों के अभाव में कार्य प्रारंभ नहीं कर पा रहे हैं। काशीराम ने पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बांस नर्सरी स्थापित करने की इच्छा जताई है। साथ ही प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उनका स्वरोजगार का सपना साकार हो सके। इस प्रकरण में उत्तर सामान्य वनमण्डलाधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया है।
Author: Shabd Agni
.