मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन द्वारा तैयारियों की की गई समीक्षा
मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर,
मध्य प्रदेश शासन के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन की अध्यक्षता में आगामी 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस तथा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की तैयारियों को लेकर प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इन कार्यक्रमों की सफल तैयारी एवं क्रियान्वयन के लिए मुख्य सचिव श्री जैन ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने 5 जून को आयोजित होने वाले ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान-3.0’ के तहत स्वदेशी पौधों को प्राथमिकता से रोपित करने, अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा अमृत मित्रों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वच्छता एवं जल संरक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए जल स्रोतों के गहरीकरण, उनके आसपास साफ-सफाई, प्लास्टिक उपयोग को हतोत्साहित करने तथा रूफ वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि जिले में 12 से 18 जून तक विशेष जनकल्याणकारी शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों एवं छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।

बैठक में आयुष विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने जानकारी दी कि 14 जून को देशव्यापी ऑनलाइन योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रतिभागी गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के प्रयास का हिस्सा बनेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को टोल फ्री नंबर 1800-315-7008 पर मिस्ड कॉल करना होगा, जिसके बाद उनके व्हाट्सएप पर कार्यक्रम से जुड़ने का लिंक प्राप्त होगा। यह योग सत्र प्रातः 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने सभी जिला कलेक्टरों को 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़कर उन्हें इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि नागरिक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए स्वत प्रेरित हों। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 19 एवं 20 जून को प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखना है। इसके अलावा उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिले के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, एडीएम श्री सोहन कनास, संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज गरवाल, डिप्टी कलेक्टर श्री तपीस पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
Author: Shabd Agni
.