हटाया गया अतिक्रमण, नपा, राजस्व एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही प्रारंभ
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – शहर के अम्बेडकर चौक से हनुमान चौक तक चल रहे नाला निर्माण को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासनिक आदेशों के तहत 4 जून से अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही प्रारंभ की गई है। नगरपालिका बालाघाट, राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की पहले दिन इस मार्ग पर की गई संयुक्त कार्यवाही में मार्ग के यातायात को सुचारू रखने के लिये अतिक्रमण को हटाया गया है। अमले के द्वारा अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे मार्ग में बाधा उत्पन्न ना करें ऐसा करने पर जुर्माना एवं नियमानुसार कार्यवाही की जायेगी।
अतिक्रमणकारियों में कार्यवाही से हड़कंप
शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर एक दिन पहले नगरपालिका कार्यालय में संयुक्त बैठक आहूत की गई थी जिसमें विचार-विमर्श किया गया एवं यातायात समस्या को लेकर आनेवाली शिकायतों पर गंभीरता से चर्चा की गई। प्रशासनिक आदेशों के तहत 4 जून से अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है बताया गया है कि शहर के व्यस्ततम मार्गो में अतिक्रमण को लेकर मुनादी कराने के उपरांत यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। 4 जून को नगरपालिका के राजस्व, नियोजन के साथ ही यातायात एवं कोतवाली थाना स्टाफ एवं तहसील कार्यालय के राजस्व निरीक्षक एवं कर्मचारी सड़क पर उतरे और अम्बेडकर चौक से हनुमान चौक तक सड़क के दोनों छोर पर सड़क में बाधा उत्पन्न कर रहे फ्लैक्स बोर्ड, ठेले, खोमचे, टपरें इत्यादि को हटाने की कार्यवाही की गई। इस अभियान के पहले दिन लोगों में हड़कंप मच गया और अतिक्रमणकारी स्वयं ही अपने दुकानों के आगे की सामग्री को हटाते हुए नजर आये।
जुर्माना और सामग्री जब्ती की होगी कार्यवाही
अतिक्रमण हटाओ दस्ते में राजस्व निरीक्षकों के द्वारा पाया गया कि कुछ हॉटल, कोचिंग संस्थानों तथा दुकानों की पार्किंग सड़क तक की जा रही है जबकि कुछ ऑटो डील कार्य करने वाले फोर व्हीलर वाहनों को सड़क पर रख रहे है जबकि आजाद चौक के निकट भवन निर्माण सामग्री सड़क तक फैली हुई है। जिसपर सख्ती दिखाई और मार्ग की आवाजाही में बाधा ना उत्पन्न किये जाने को लेकर नसीहत दी। भवन निर्माण सामग्री को तुरंत हटाने को कहेते हुए अगर सामग्री नहीं हटाई तो प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना कार्यवाही की जायेगी।
सड़क तक फैली पार्किंग को लेकर भी हिदायत
ऋषि कॉम्पलेक्स तथा हनुमान चौक पर संचालित क्लीनिक के सामने अव्यवस्थित पार्किंग पाये जाने पर संबंधितों को कड़ी हिदायत दी गई। सड़कों से वाहन हटाये गये तथा आगे भी इसका ध्यान रखने को कहा। कई दुकानदारों में कार्यवाही से भय की स्थिति देखी गई और वे स्वत: ही सड़कों तक रखे गये सामान को हटाते हुए नजर आये। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन तथा मार्ग को बाधित करने वालों के विरूद्ध जुर्माना या सामग्री जब्ती की कार्यवाही भी की जायेगी।
Author: Shabd Agni
.