शब्द अग्नि / उज्जैन। बेटियां आज शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए मुकाम हासिल कर रही हैं। उच्च अंक प्राप्त कर छात्राओं का सम्मान होना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यही बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश का नेतृत्व करेंगी। यह बात जिला फॉरेंसिक अधिकारी भोपाल डॉ. प्रीति गायकरवाड़ ने होटल इंपीरियल में आयोजित सर सैयद अहमद वेलफेयर सोसायटी के 41वें राज्य स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में कही।
272 प्रतिभाओं को किया सम्मानित

समारोह में इंदौर, देवास, रतलाम, महू, महिदपुर, जावरा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए 272 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। समाजसेवी अब्दुल अजीज देवास ने विद्यार्थियों को अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने से वे भविष्य में समाज और देश के लिए बेहतर कार्य कर सकते हैं।
शिक्षा से मजबूत होगा सामाजिक सौहार्द
सोसायटी के अध्यक्ष पंकज जायसवाल एवं संरक्षक सैयद आबिद अली मीर ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी पिछले 41 वर्षों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। रिटायर्ड जज इंदौर डॉ. शमीम अहमद ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का भी सम्मान
समारोह में शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन में सामाजिक एवं सेवा क्षेत्र से जुड़ी अनेक संस्थाओं के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में इंदौर, देवास, रतलाम, महू, महिदपुर, जावरा सहित कई क्षेत्रों से समाजसेवी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन इरफान राइन ने किया, जबकि सचिव धर्मेंद्र राठौर ने आभार व्यक्त किया।
Author: Shabd Agni
.