शब्द अग्नि / जिला ब्यूरो बंटी सोनी
श्योपुर, क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर द्वारा ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने तथा आर्थिक रूप से सुदृढ एवं विकसित करने के उद्देश्य से जनपद सभागार श्योपुर में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्योपुर श्री एस.एस. भटनागर ने कहा कि ग्राम पंचायतों के समग्र एवं सतत विकास के लिए स्वयं के आय के स्त्रोत विकसित करने की आवश्यकता है। आर्थिक संसाधानों के बेहतर उपयोग से पंचायतों को ओर अधिक विकसित बनाने के लिए कार्य किया जा सकता है। उन्होनेक कहा कि पंचायते स्थानीय करों एवं शुल्कों का प्रभावी निर्धारण तथा स्व-कराधान का संग्रहण सुनिश्चित करते हुए ग्राम विकास कार्यों को गति प्रदान कर सकते है।
डीपीएम आरजीएसए श्री उदय धाकड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों का निर्माण तभी संभव है जब पंचायतें स्थानीय संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए स्वयं की आय में निरंतर वृद्धि करें। उन्होंने बताया कि स्व-कराधान के माध्यम से पंचायतें अपने क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन कर सकती हैं तथा वित्तीय स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकती हैं। कार्यक्रम में खंड पंचायत अधिकारी श्री मनोहर सिंह चौहान, बी.सी. आरजीएसए शिवकुमार धाकड़ सहित सरपंच, ग्राम पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने ग्राम पंचायतों में स्थानीय राजस्व संग्रहण को अधिक प्रभावी बनाने तथा पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपने सुझाव भी साझा किए।
Author: Shabd Agni
.