बड़वानी में साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” का भव्य शुभारंभ
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
शब्द अग्नि / मेहबूब मंसूरी बड़वानी । साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ पर अंकुश लगाने, आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के उद्देश्य से आज बड़वानी जिले में 15 दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान SafeClick2.0 का शंखनाद किया गया। माननीय मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश डॉ. मोहन यादव के आदेशानुसार एवं पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में चलाए जा रहे इस प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत बड़वानी न्यायालय परिसर से की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल ने संयुक्त रूप से विशेष*साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक भ्रमण कर लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश देगा। तकनीक के पीछे छिपे ‘अदृश्य अपराधियों’ से निपटने के लिए जागरूकता जरूरी: जिला न्यायाधीश। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री एम.के. जैन ने साइबर अपराधों को आज के समय की सबसे गंभीर चुनौती बताते हुए कहा। आज का अपराधी ‘अदृश्य’ है, जो तकनीक के पीछे छिपकर लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इस अदृश्य शत्रु से बचने के लिए सतर्कता और रोकथाम (प्रिवेंशन फर्स्ट) ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। लोग जागरूक होंगे, तभी सुरक्षित रहेंगे। इसलिए हमेशा याद रखें— *सोचिए, परखिए, फिर क्लिक कीजिए — एक सुरक्षित क्लिक, एक सुरक्षित भविष्य।डिजिटल साक्षरता और त्वरित सूचना ही साइबर ठगी से बचाव का एकमात्र रास्ता: पुलिस अधीक्षक कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा:”बड़वानी पुलिस ‘सेफ क्लिक 2.0’ के माध्यम से जिले के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचकर उन्हें डिजिटल रूप से साक्षर और सुरक्षित बनाएगी। आज के दौर में लालच, डर और लापरवाही ही साइबर अपराधियों के सबसे बड़े हथियार हैं। अगर कोई नागरिक किसी ऑनलाइन धोखाधड़ी या ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे झांसे का शिकार हो भी जाता है, तो बिना डरे तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें शिकायत दर्ज कराएं। ‘गोल्डन ऑवर’ (घटना के तुरंत बाद) में दी गई सूचना से ठगी गई राशि को होल्ड कराना आसान होता है। बड़वानी पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है।” बार एसोसिएशन में कार्यशाला और व्यापक रूपरेखा अभियान के प्रथम दिन बार एसोसिएशन बड़वानी में “सेफ क्लिक 2.0″कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें साइबर सेल की विशेष टीम द्वारा उपस्थित अधिवक्ताओं और कानूनविदों को साइबर फ्रॉड से बचने व सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के संबंध में विस्तृत समझाइश दी गई।
यह अभियान 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक लगातार 15 दिनों तक संचालित होगा। पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर व समस्त अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस इकाइयों द्वारा व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन माध्यमों से आमजन तक पहुंचेगी पुलिस: नागरिकों को सुरक्षित रखने और अभियान को रोचक व प्रभावी बनाने के लिए पारंपरिक और आधुनिक तरीकों का समावेश किया जाएगा, जिनमें प्रमुख हैं: विविध कार्यक्रम: साइबर चौपाल, कवि गोष्ठी, लोकगीत, विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं सीधे जनसंवाद। मुख्य फोकस: फर्जी लिंक, ऑनलाइन निवेश ठगी, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, लोन ऐप फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव। बड़वानी पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर साइबर सुरक्षा के तौर-तरीकों को सीखें और किसी भी संदिग्ध लिंक या झांसे में आने से बचें।इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश लीलाधर सोलंकी साहब प्रथम अपर जिला न्यायाधीश महोदय चंदनसिंह चौहान तृतीय अपर न्यायाधी रेखा चन्द्रवशी मैडम प्रथम मुख्य न्यायाधीश सुमित शर्मा न्यायिक दंडाधिकारी महोदय महेंद्र सिंह रावत साहब न्यायिक दंडाधिकारी पुष्पेंद्र भार्गव साहब न्यायिक दंडाधिकारी राजश्री भार्गव मैडम
विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अमूल मंडलोई साहब तथा अभिभाषक संघ बड़वानी अध्यक्ष सोहनलाल पाटीदार एवं बार के सभी पदाधिकारिगण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, डीएसपी अजाक निलेश्वरी डावर, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, थाना प्रभारी बड़वानी कोतवाली निरीक्षक बलजीत बिसेन, साइबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक रितेश खत्री व पुलिस के अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे
Author: Shabd Agni
.