वन विभाग ने तत्काल पहुंचाया अस्पताल
शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़
बालाघाट – कान्हा टाईगर रिजर्व के वन परिक्षेत्र खापा बफर के अंतर्गत वृत्त मोवाला एवं बीट मोवाला के कक्ष क्रमांक 1106 के बोदल बेहरा क्षेत्र में 17 अगस्त 2026 को सुबह करीब 7 बजे बाघ के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना के बाद वन विभाग के मैदानी अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल ग्रामीण को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैहर पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम करेली, पोस्ट करेली, तहसील बैहर निवासी करीब 40 वर्षीय श्री संतोष मेहराम, पिता डिमन लाल मेहराम, मशरूम संग्रहण के लिए बफर क्षेत्र के वन में गए थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण के हाथ, पैर एवं सिर पर चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी दी गई।
घायल को दी गई अग्रिम सहायता
वन विभाग द्वारा घायल ग्रामीण को नियमानुसार अग्रिम सहायता राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही विभाग द्वारा घटना की परिस्थितियों तथा क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों और उनके संभावित आवागमन मार्गों की जानकारी जुटाई जा रही है। क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर आवश्यक एहतियाती उपाय भी किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील
वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे मशरूम संग्रहण अथवा अन्य कार्यों के लिए अकेले जंगल या वन क्षेत्र में न जाएं। वन क्षेत्र में जाते समय विशेष सावधानी बरतें और वन्यजीव दिखाई देने पर उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
Author: Shabd Agni
.