जल्द घोषित होगी जिला कार्यकारिणी
दैनिक शब्द अग्नि प्रकाश पटेल
खंडवा/ लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ कहा जाता है। पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां होती हैं, बावजूद इसके ग्रामीण अंचलों के पत्रकार सीमित संसाधनों में लगातार जनहित की खबरों को सामने लाने का काम कर रहे हैं। पत्रकार चाहे राजधानी से हो या ग्रामीण अंचल से, पत्रकारिता के प्रति उसकी जिम्मेदारी और भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण है।
इसी उद्देश्य को लेकर खंडवा ग्रामीण अंचल पत्रकार संगठन के बैनर तले रविवार को पंधाना के एंजेल प्लेनेट स्कूल में ग्रामीण पत्रकारों की वृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में पत्रकार साथी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।
इसके बाद उपस्थित पत्रकारों का माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। बैठक में पत्रकारों ने अपना परिचय देते हुए फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों और समस्याओं को साझा किया।बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और हितों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीण पत्रकारों को एकजुट करने और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजकों ने बताया कि जल्द ही खंडवा जिला टोली की घोषणा की जाएगी।
इसके बाद संगठन का विस्तार ब्लॉक स्तर तक किया जाएगा, ताकि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को एक मजबूत मंच मिल सके। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश तेजी ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार सत्य प्रकाश मिश्रा, सुजान सिंह राठौर सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। बैठक के अंत में पत्रकारों ने संगठन की एकता, पत्रकारों के हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
Author: Shabd Agni
.