कॉलोनी चौराहे पर हुआ भव्य स्वागत, लोगों ने मिठाई खिलाकर दी जन्मदिन की बधाई
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया
सीहोर जिले के आष्टा युवा संगठन एवं संस्थान आष्टा द्वारा ट्रैफिक पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे श्री कमलेश जी राय का जन्मदिन कॉलोनी चौराहा आष्टा पर बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रायसिंह मेवाड़ा, पार्षद पंकज सिंह कृपाल जी पुलिस स्टाफ एवं संगठन के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने श्री राय का पुष्पमाला से स्वागत कर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जन्मदिन के अवसर पर कॉलोनी चौराहे पर मिठाइयां बांटी गईं और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए श्री कमलेश राय के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान लगातार लोगों का बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
श्री कमलेश राय ने पुलिस विभाग में रहते हुए आष्टा क्षेत्र में लंबे समय तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दी हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ ही आमजन की सहायता और सेवा के लिए वे हमेशा तत्पर रहे। उनके सरल, सहज एवं मिलनसार व्यवहार के कारण पुलिस विभाग के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच भी उनकी अलग पहचान बनी है।
गौरतलब है कि 31 अगस्त को श्री कमलेश जी राय पुलिस विभाग की अपनी सेवाओं से सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। सेवानिवृत्ति से ठीक पहले उनके जन्मदिन पर आयोजित यह सम्मान एवं शुभकामना कार्यक्रम उनके सेवाकाल की यादों को और भी खास बना गया।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि श्री राय ने लंबे समय तक पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पुलिस विभाग में सेवा करते हुए आष्टा की जनता के बीच अपनी अच्छी छवि बनाई है। उनके योगदान और सेवाभाव को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने श्री कमलेश राय को जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
Author: Shabd Agni
.