प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान की अगुवाई में निकलेगी यात्रा, समापन पर असदुद्दीन ओवैसी होंगे शामिल
शब्द अग्नि / बुरहानपुर। यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) के विरोध में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) की प्रदेशव्यापी पैदल यात्रा आज बुरहानपुर से शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान की अगुवाई में निकलने वाली इस यात्रा को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा के माध्यम से पार्टी यूसीसी के विरोध में अपनी आवाज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाएगी।
एमआईएम प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान शुरू से ही यूसीसी के विरोध में मुखर नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने प्रदेश के कई शहरों में यूसीसी के विरोध में प्रदर्शन किए थे। राजधानी भोपाल में भी उनके नेतृत्व में बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से एआईएमआईएम के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। इन प्रदर्शनों के जरिए पार्टी ने यूसीसी को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया था।
मोहसिन अली खान प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में पार्टी ने विरोध को प्रदेशव्यापी पैदल यात्रा का रूप दिया है। बुरहानपुर से शुरू होने वाली उक्त यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए आगे बढ़ेगी। यात्रा के दौरान स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी इसमें शामिल होंगे। पार्टी की ओर से इसे यूसीसी के विरोध में जनसंवाद और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अभियान बताया जा रहा है।
31 अगस्त से 14 सितंबर तक चलेगी यात्रा
प्रदेश एआईएमआईएम की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार यात्रा 31 अगस्त से शुरू होकर 14 सितंबर तक चलेगी। यात्रा का समापन कार्यक्रम भी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। समापन अवसर पर एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी के शामिल होने की जानकारी दी गई है। ओवैसी की मौजूदगी से समापन कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है।
पार्टी नेताओं के मुताबिक यात्रा के दौरान यूसीसी से जुड़े मुद्दों पर लोगों के बीच अपनी बात रखी जाएगी। एआईएमआईएम का कहना है कि वह यूसीसी के विरोध में लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रही है और संविधान में दिए गए अधिकारों को लेकर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
बुरहानपुर से शुरू हो रही इस यात्रा को लेकर पार्टी की स्थानीय संगठन भी सक्रिय है जिसके लिए डॉ जिशान को बुरहानपुर का यात्रा संयोजक ( को ऑर्डिनेटर ) बनाया है प्रदेशभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अलग-अलग चरणों में यात्रा में शामिल होंगे।
Author: Shabd Agni
.