पटेलपुरा में भवन के अभाव में परेशान बच्चे, ग्रामीणों ने की सुविधा की मांग
गंधवानी। क्षेत्र की ग्राम पंचायत साली के पटेलपुरा में आंगनबाड़ी भवन की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है। जर्जर भवन के कारण पिछले करीब 5 वर्षों से आंगनबाड़ी केंद्र दूसरे स्थान पर संचालित किया जा रहा है। बच्चे स्कूल के अतिरिक्त कक्ष में बैठने को मजबूर हैं, जहां जगह की कमी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और कर्मचारी इसी वैकल्पिक स्थान पर बच्चों को पढ़ा रहे हैं, लेकिन केंद्र की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आंगनबाड़ी भवन की सुविधा जल्द मिलनी चाहिए। उनका आरोप है कि क्षेत्र में ऐसे कई केंद्र हैं, जहां बच्चे भवन के अभाव में दूसरी जगह बैठ रहे हैं।
ग्राम पंचायत साली की सरपंच गोगल बाई निगम ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन के लिए कई बार मांग और आवेदन किए गए हैं, लेकिन अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। राशि प्राप्त होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जर्जर और भवन विहीन आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी लगातार वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जा रही है। विभाग भी प्रयासरत है कि ऐसे केंद्रों को जल्द भवन की सुविधा मिल सके।
ग्रामीणों की मांग है कि बच्चों के बेहतर भविष्य और सुविधाओं को देखते हुए पटेलपुरा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए शीघ्र नया भवन स्वीकृत किया जाए।
Author: Shabd Agni
.