42 किलोग्राम वर्ग में अंडर-12 श्रेणी में हासिल किया प्रथम स्थान, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी रह चुकी हैं पदक विजेता
भोपाल। इंदौर में 22 अगस्त 2026 को आयोजित 11वीं राज्य स्तरीय कूडो चैंपियनशिप में भोपाल की कक्षा पांचवीं की छात्रा कुमारी ईधिका जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 किलोग्राम वर्ग की अंडर-12 वर्ष श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से परिजनों, विद्यालय एवं खेल जगत में हर्ष का माहौल है।
ईधिका के पिता श्री मनोज कुमार जायसवाल के अनुसार, इससे पूर्व भोपाल में आयोजित जिला स्तरीय कूडो प्रतियोगिता में भी ईधिका ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया था। ईधिका वर्तमान में कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल, भेल, भोपाल में कक्षा पांचवीं की छात्रा हैं।
ईधिका पूर्व में तथा विगत वर्ष आयोजित राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में भी भोपाल संभाग की ओर से हिस्सा ले चुकी हैं, जहां उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। लगातार प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया है।
पढ़ाई में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन
खेल के साथ-साथ ईधिका पढ़ाई में भी लगातार अव्वल रही हैं। वह प्रतिवर्ष स्कूल स्तर पर मैथ्स ओलंपियाड एवं जनरल नॉलेज ओलंपियाड में हिस्सा लेकर लगातार तीन वर्षों से स्वर्ण पदक प्राप्त कर रही हैं। इस प्रकार खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में ईधिका ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
ईधिका कूडो की नियमित ट्रेनिंग अरेरा कॉलोनी स्थित दीपक सेल्फ डिफेंस एकेडमी में प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस सफलता में कोच श्री दीपक बिष्ट का महत्वपूर्ण एवं उल्लेखनीय योगदान रहा है।
ईधिका के पिता श्री मनोज कुमार जायसवाल वर्तमान में मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के ओबेदुल्लागंज संभाग में प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उनकी माताजी निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। ईधिका की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Author: Shabd Agni
.