VISITORS

0 1 7 5 8 7

July 20, 2026 8:09 pm

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

शराब की लत एवं पारिवारिक विवाद बना हत्या का कारण

पुलिस ने 72 घंटे में किया अंधी हत्या का खुलासा

शब्द अग्नि/ सीमान्त राव बन्सोड़ बालाघाट – जिले के थाना वारासिवनी पुलिस ने ग्राम कोपे एवं डोंगरिया के मध्य जंगल में हुई अंधे हत्या प्रकरण की त्वरित एवं वैज्ञानिक विवेचना करते हुए मात्र 72 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा किया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के ससुर एवं उसके साथी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त गमछा, दो मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन जप्त किए हैं।

घटना का विवरण :-

दिनांक 14.07.2026 को ग्राम कोपे से डोंगरिया के मध्य पुराने पट टेकरा जंगल में ग्राम डॉगरिया निवासी राजेन्द्र शरणागत उम्र 40 वर्ष का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना वारासिवनी पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुँची तथा फोरेंसिक एवं फिंगरप्रिंट टीम की सहायता से घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित कर थाना वारासिवनी में मर्ग क्रमांक 37/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. कायम कर जांच प्रारंभ की गई।

जांच के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों से स्पष्ट हुआ कि मृतक की 13/14 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात्रि गला घोंटकर हत्या की गई है। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना वारासिवनी में अपराध क्रमांक 359/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

घटना का खुलासा :-

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी वारासिवनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान गठित टीम द्वारा घटनास्थल से प्राप्त वैज्ञानिक साक्ष्यों, फोरेंसिक एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों तथा मृतक के परिजनों, रिश्तेदारों एवं अन्य व्यक्तियों से गहन पूछताछ की गई।

विवेचना के दौरान संकलित वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर मृतक के ससुर राजेश चौहान एवं उसके साथी प्रभुदयाल बिसेन की संलिप्तता सामने आने पर दोनों संदेहियों से सघन पूछताछ की गई, जिसमें दोनो आरोपियों ने घटना कारित करना स्वीकार किया।

घटना का कारण :-

पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि मृतक शराब पीने का आदी था तथा नशे की हालत में अपनी पत्नी एवं परिवार के सदस्यों के साथ आए दिन मारपीट एवं विवाद करता था। शराब की लत के कारण वह अपनी कृषि भूमि भी बेच चुका था, जिससे परिवार परेशान रहता था। मृतक की पत्नी अपने साथ होने वाली मारपीट की जानकारी अपने पिता राजेश चौहान को देती थी, जिससे वह मानसिक रूप से तनाव में रहता था।

दिनांक 13.07.2026 को घटना से कुछ समय पूर्व आरोपी राजेश चौहान का साथी प्रभुदयाल बिसेन मृतक राजेन्द्र शरणागत को शराब पिलाने के बहाने एक ढाबे पर ले गया, जहाँ दोनों ने शराब का सेवन किया। इसके पश्चात वह मृतक को कोपे एवं डोंगरिया के मध्य जंगल में ले गया, जहाँ पहले से आरोपी राजेश चौहान मौजूद था। वहाँ तीनों द्वारा शराब का सेवन किया गया। इसी दौरान पैसों के लेन-देन एवं मृतक द्वारा अपनी पत्नी के साथ आए दिन की जाने वाली मारपीट को लेकर मृतक एवं उसके ससुर राजेश चौहान के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजेश चौहान एवं उसके साथी प्रभुदयाल बिसेन ने गमछे से मृतक का गला कसकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस कार्यवाही एवं बरामदगी :-

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गमछा, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल एवं दो मोबाइल फोन जप्त किए गए। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर