बड़बोले पटवारी पर हो कठोर कार्रवाई- पंकज शर्मा
शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया
सीहोर। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर इछावर में पदस्थ बड़बोले पटवारी ऋषि यादव पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें तत्काल निलंबित करने की बात कही है।
इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले दिनों एक भाजपा नेता और उक्त पटवारी का ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था, जिसमें ये पटवारी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई भाजपा नेताओं और अपने ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में अनर्गल बातें करते हुए स्वयं को भाजपा कार्यकर्ता बता रहा था और कह रहा था कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता, वो पहले भी नौकरी से अनुपस्थित रहा है।
उसके पास अकूत संपत्ति होने की बात भी सामने आ रही है तथा ऑडियो के अंत में वो भाजपा नेता को अश्लील गालियाँ बकता हुआ भी सुनाई दे रहा है तथा ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वो नशे में ऐसी अनावश्यक और अनर्गल बातें कर रहा हो।
पंकज शर्मा ने आगे कहा कि इछावर क्षेत्र पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्र सरकार में कद्दावर मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का क्षेत्र है और वहां ही यदि पटवारी भाजपा नेताओं से ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, तो पूरे प्रदेश की स्थिति सहज ही समझी जा सकती है, इछावर में पहले भी पटवारियों की मनमानी के ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सीहोर जिले में कई पटवारी अपनी गृह तहसील में ही वर्षों से जमे हुए हैं, जिस कारण वो मनमानी करते हैं और आम जनता तथा किसान परेशान होते हैं। इसके अलावा इनके ऊपर विभागीय स्तर पर भी कोई ठोस कार्रवाई ना होने से इनके हौसले बुलंद रहते हैं।
पंकज शर्मा ने वर्षों से एक ही हल्के में जमे तथा अपनी गृह तहसील में कार्यरत पटवारियों को तत्काल हटाने की मांग की है, ताकि इनकी मनमानी पर अंकुश लग सके और आम जनता एवं किसानों को राहत मिल सके। उन्होंने इस बड़बोले पटवारी ऋषि यादव पर तत्काल कार्रवाई कर इसे निलंबित करने तथा इसकी संपत्तियों की जांच कराने की मांग सीहोर जिला प्रशासन से की है।
Author: Shabd Agni
.