शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी
नियमितीकरण की मांग पर अड़े कर्मचारी, 11 जून को भोपाल घेराव की तैयारी
रायसेन जिले में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को लगातार पांचवें दिन भी जारी रही। कर्मचारी जिला अस्पताल परिसर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमितीकरण सहित अपनी लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग कर रहे हैं। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष हरि अहिरवार ने बताया कि रायसेन जिले के 400 से अधिक संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी 2 जून से चरणबद्ध आंदोलन पर हैं। उनकी सबसे प्रमुख मांग नियमितीकरण की है, जिसके साथ ही सेवा सुरक्षा और अन्य लंबित मांगों को लेकर भी आंदोलन किया जा रहा है।
हरि अहिरवार के अनुसार, प्रदेशभर के करीब 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी इस आंदोलन में शामिल हैं, जिससे राज्य की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मांगों के समाधान के लिए बातचीत करने के बजाय कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की चेतावनी दी जा रही है, जिससे उनमें भारी आक्रोश है। 11 जून को सीएम निवास घेराव की तैयारी संघ ने बताया कि पहले 8 जून को मुख्यमंत्री निवास घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। अब प्रदेश संघ ने 11 जून 2026 को भोपाल में भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, ठेंगड़ी भवन, भदभदा रोड से रैली निकालकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का निर्णय लिया है।
Author: Shabd Agni
.