दैनिक शब्द अग्नि / प्रकाश पटेल खण्डवा /कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं, और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। जनसुनवाई में मांधाता तहसील के मोरघड़ी ग्राम निवासी पंकज सिंह ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके द्वारा ग्राम इनपुन स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत पूर्व में की गई थी, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की गई है। जिस पर उन्होंने मांधाता तहसीलदार को शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए।
अभी तक नहीं हुआ नामांतरण
जनसुनवाई में ओंकारेश्वर निवासी लक्ष्मी उर्फ सपना ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि ग्राम गोदरपुरा में उसके भवन के नामांतरण के लिए नगर परिषद ओंकारेश्वर में उसने आवेदन किया था, लेकिन अभी तक नामांतरण की कोई भी कार्यवाही प्रारंभ नहीं की गई है। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने ओंकारेश्वर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार नामांतरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में हरसूद तहसील के ग्राम उंडैल रैयत निवासी जयपाल सिंह ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि गांव के ही मुकेश गिरी, जयपाल, नरेन्द्र, धर्मेन्द्र, दीपक और केशव ने उसके स्वामित्व की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसे तत्काल हटाया जाए। जिस पर उन्होंने एसडीएम हरसूद को मौका निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम कोठी में हैलिपेड के पास निवासी पवन यादव ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके घर के सामने नाला निर्माण होने से उसके घर का रास्ता बंद हो गया है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। जिस पर उन्होंने सम्बंधित तहसीलदार को घर से आने जाने के लिए रास्ता दिलाने के निर्देश दिए।
Author: Shabd Agni
.