VISITORS

0 1 7 6 7 3

July 22, 2026 4:46 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

भोजशाला : भारत का सांस्कृतिक पुनर्जागरण

 दिशा, दृष्टि एवं दायित्व विषय पर होगा राष्ट्रीय विमर्श

शब्द अग्नि / धार । राजाभोज स्मृति व्याख्यानमाला आयोजन समिति, धार द्वारा 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को सायं 4:00 बजे मिलन महल, जेएमडी, धार में “भोजशाला : भारत का सांस्कृतिक पुनर्जागरण – दिशा, दृष्टि एवं दायित्व” विषय पर एक विशेष व्याख्यानमाला का आयोजन किया जा रहा है।
समिति के अनुसार यह आयोजन केवल भोजशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, ज्ञान परंपरा, ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक आत्मगौरव और राष्ट्रीय दायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का मंच बनेगा। कार्यक्रम में इतिहास, वैचारिक दृष्टि और भविष्य की दिशा—इन तीनों आयामों पर विषय विशेषज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

व्याख्यानमाला में अखिल भारतीय इतिहास संकलन योजना के राष्ट्रीय संगठन सचिव एवं प्रख्यात इतिहासकार डॉ. बालमुकुंद पाण्डेय भोजशाला के ऐतिहासिक पक्ष, उपलब्ध प्रमाणों तथा भारतीय इतिहास में उसके महत्व पर प्रकाश डालेंगे।

प्रख्यात चिंतक, लेखक एवं सामाजिक विश्लेषक श्री प्रशांत पोल भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विमर्श और भारतीय सभ्यता की निरंतरता के वैचारिक पक्ष पर अपने विचार साझा करेंगे।
वहीं, ‘ऑर्गेनाइज़र’ साप्ताहिक के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री प्रफुल्ल केतकर समाज, शिक्षा, मीडिया और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण की भावी दिशा पर अपने विचार रखेंगे।
आयोजन समिति का कहना है कि इस व्याख्यानमाला का उद्देश्य राजा भोज की ज्ञान परंपरा को पुनर्जीवित करना तथा धार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय विमर्श से जोड़ना है। साथ ही समाज में इतिहास और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता, शोध तथा सकारात्मक संवाद को प्रोत्साहित करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है।
समिति ने इतिहासकारों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है।

कार्यक्रम विवरण
विषय : भोजशाला : भारत का सांस्कृतिक पुनर्जागरण – दिशा, दृष्टि एवं दायित्व
आयोजक : राजाभोज स्मृति व्याख्यानमाला आयोजन समिति, धार
दिनांक : 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार)
समय: सायं 4:00 बजे
स्थान : मिलन महल, जेएमडी, धार

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर