22 जुलाई को हैवी मशीनरी टीनशैड पर लगेगा शिविर
दैनिक शब्द अग्नि जिला ब्यूरो बंटी सोनी श्योपुर जिले के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना से जोड़ने तथा निर्धारित पंजीयन लक्ष्यों की पूर्ति के लिए नगरपालिका श्योपुर द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। नगरपालिका श्योपुर के तत्वाधान में गत 20 एवं आज 21 जुलाई को क्रमशः कोली चौक तथा पशुपालन कार्यालय परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में 22 जुलाई को हैवी मशीनरी टीनशैड पर पंजीयन शिविर लगाया जायेगा, जिसमें वार्ड क्रमांक 08 एवं 09 के निवासी पात्र श्रमिको के पंजीयन किये जायेगे।
नोडल अधिकारी श्री आदित्य चौहान ने बताया कि योजना के तहत गत 20 जुलाई को कोली चौक में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्षद श्री अकबर अली, श्री विष्णु पाराशर एवं पार्षद प्रतिनिधि श्री टोनू गौतम उपस्थित रहें। इसी प्रकार आज 21 जुलाई को पशुपालन विभाग के परिसर में शिविर का आयोजन किया गया।
नोडल अधिकारी श्री आदित्य चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। इसके अंतर्गत पात्र श्रमिक नियमित अंशदान के माध्यम से 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3 हजार रूपये की सुनिश्चित पेंशन प्राप्त कर सकते हैं। 18 से 40 वर्ष तक के श्रमिको द्वारा आयु अनुसार 55 रूपये से लेकर 200 रूपये तक के मासिक प्रीमियम पर 60 वर्ष की आयु होने के उपरांत 3 हजार रूपये की मासिक पेंशन प्राप्त होती है।
इसी क्रम में 23 जुलाई को फक्कड चौराह पर आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 10, 11, 12, 13, 14 एवं 15 के निवासियों का 24 जुलाई को नवीन बस स्टैण्ड पर आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 16 एवं 17 के निवासियों का तथा 25 जुलाई को पारख जी के बाग में आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 18, 19, 20, 21, 22 के निवासियों का पंजीयन किया जायेगा। उक्त योजना के तहत 18 से 40 वर्ष के ऐसे व्यक्ति जिनकी मासिक आय 15 हजार रूपये से कम है तथा जो पीएफ, ईसीआईसी, एनपीएस में पंजीकृत नही है, ऐसे श्रमिक और कर्मचारी उक्त पेंशन योजना में अपना पंजीयन करा सकते है। यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 05 बजे तक आयोजित होंगे।
Author: Shabd Agni
.