जय स्तम्भ चौक पर ‘शुभम काम्पलेक्स’ और ‘महाराजा अग्रसेन’ नामकरण की मांग, अग्रवाल समाज का प्रतिनिधि मंडल तोमर से मिला
दैनिक शब्द अग्नि / जिला ब्यूरो बंटी सोनी श्योपुर, शहर के बीचों-बीच स्थित जय स्तम्भ चौक पर पुराने टेलीफोन एक्सचेंज को तोड़ने के बाद खाली पड़ी जगह को लेकर अग्रवाल समाज ने बड़ा प्रस्ताव रखा है। समाज के प्रतिनिधि मंडल ने आज ग्वालियर पहुंचकर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात कर इस जमीन पर नगर पालिका द्वारा “शुभम काम्पलेक्स” का निर्माण और उसका नामकरण “महाराजा अग्रसेन” के नाम पर करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधि मंडल ने जय स्तम्भ चौक के सामने महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी विधानसभा अध्यक्ष के समक्ष रखी।
खाली जगह का सदुपयोग का आग्रह
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि जय स्तम्भ चौक शहर का प्रमुख चौराहा है। यहां खाली पड़ी जगह का सदुपयोग कर यदि “शुभम काम्पलेक्स” बनाया जाए और उसे वैश्य समाज के प्रेरणास्रोत महाराजा अग्रसेन जी के नाम से जाना जाए तो यह पूरे अग्रवाल समाज के लिए गर्व की बात होगी। साथ ही चौक की सुंदरता भी बढ़ेगी और आने वाली पीढ़ियों को महाराजा अग्रसेन के आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने दिया आश्वासन
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने प्रतिनिधि मंडल की मांग को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाज की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और इस संबंध में श्योपुर नगर पालिका से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
इस अवसर पर अग्रवाल समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतिनिधि मंडल ने विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा।
समाज के लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और कहा कि यदि यह मांग पूरी होती है तो यह श्योपुर के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
Author: Shabd Agni
.