शाहीन एकेडमी इंदौर एवं ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल, खरगोन के तत्वावधान में आयोजित हुआ मार्गदर्शन कार्यक्रम
शब्द अग्नि / यासिर पठान खरगोन। विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और बेहतर करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से **शाहीन एकेडमी, इंदौर एवं ब्राइट फ्यूचर पब्लिक स्कूल, खरगोन के तत्वावधान में करियर गाइडेंस एजुकेशन सेमिनार का आयोजन किया गया।
छात्रों को भविष्य की संभावना से कराया अवगत
सेमिनार में विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, प्रोफेशनल कोर्स, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्कॉलरशिप योजनाओं तथा सफल करियर निर्माण के लिए आवश्यक कौशलों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर चुनने तथा समयबद्ध तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार में मेडिकल शिक्षा विशेषज्ञ माज़ खान एवं डॉ. अबीर मालिक ने छात्र-छात्राओं और उनके वालदैन को मेडिकल फील्ड में उपलब्ध विभिन्न कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया, करियर की संभावनाओं, स्कॉलरशिप योजनाओं तथा भविष्य की बेहतर योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर भी दिए और उन्हें सही दिशा में करियर चुनने के लिए प्रेरित किया।
सभी ने छात्रों को किया गाईड

कार्यक्रम में उपस्थित दानिश मुस्ताक, हसीब अहमद एवं उज्मा खान सहित अन्य अतिथियों ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समय पर उचित मार्गदर्शन ही सफलता की मजबूत नींव है।
हबीबउल्लाह खान सर का प्रभावी संचालन

कार्यक्रम का संचालन हबीबुल्लाह सर ने प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर ब्राइट फ़्यूचर फ़ाउंडेशन के अध्यक्ष फुरकान सोनी, सचिव सुल्तान भुट्टो तथा शाहरुख मिर्ज़ा, याहया खान, जार्जिस खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सहयोगी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह सेमिनार सफल, प्रेरणादायी और यादगार बन सका।
Author: Shabd Agni
.