थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी के नेतृत्व में शहरभर में दिया जागरूकता का संदेश
शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी। समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से बाड़ी पुलिस द्वारा “नशे से दूरी” जनजागरूकता अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने अपने हमराह पुलिस बल के साथ नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आमजन से संवाद किया तथा नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की अपील की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, ऑटो स्टैंड, प्रमुख बाजार, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लोगों को जागरूक किया। यात्रियों, वाहन चालकों, व्यापारियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उन्हें बताया गया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन, आर्थिक स्थिति और भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है।
पुलिस टीम द्वारा बसों, टैक्सियों, ऑटो एवं अन्य सार्वजनिक वाहनों पर नशा विरोधी संदेशों वाले पोस्टर चस्पा किए गए, ताकि प्रतिदिन हजारों लोगों तक यह संदेश पहुंचे कि “नशे से दूरी ही सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की पहचान है।” अभियान के दौरान लोगों से यह भी कहा गया कि नशे की लत से बचना ही नहीं, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित करना प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।
थाना प्रभारी जेपी त्रिपाठी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। विशेष रूप से युवाओं को इसके दुष्परिणामों से बचाने के लिए पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध रूप से नशीले पदार्थों का कारोबार, बिक्री या सेवन होता दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने यह भी समझाया कि नशे की आदत व्यक्ति की सोच, व्यवहार और निर्णय क्षमता को प्रभावित करती है, जिससे अपराध, सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू हिंसा और सामाजिक अव्यवस्था जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही नशामुक्त वातावरण का निर्माण संभव है।
इस जनजागरूकता अभियान को लेकर नागरिकों ने बाड़ी पुलिस की पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में आवश्यक कदम बताया। लोगों ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने का भरोसा भी दिलाया।
बाड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। इसके साथ ही अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त बनाने के लिए जनसहभागिता के माध्यम से सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी है।
Author: Shabd Agni
.