VISITORS

0 1 7 6 7 2

July 22, 2026 1:21 am

+91 8878812345

लेटेस्ट न्यूज़

मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित

उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 

शब्द अग्नि / हिमालय गोहिया सीहोर

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम” के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आज़ाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीहोर के नवीन कॉन्फ्रेंस हॉल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर स्वास्थ्य एवं वेलनेस सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आमिर एजाज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
सत्र में जिला चिकित्सालय, सीहोर के किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता ममतेश राठौर ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक जीवनशैली तथा समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की आवश्यकता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण अंग है। नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, सकारात्मक सोच तथा अपनी भावनाओं को परिवार, मित्रों अथवा विशेषज्ञों के साथ साझा करने से मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखा जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को Mannhit App, AI Just Ask Chat Bot तथा टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देते हुए बताया कि मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद अथवा अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में कोई भी व्यक्ति 14416 पर निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त कर सकता है। साथ ही Mannhit App एवं AI Just Ask Chat Bot के माध्यम से भी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका परामर्शदाता द्वारा सरल एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। इस सत्र का उद्देश्य युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानसिक रोगों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा आवश्यकता पड़ने पर समय पर परामर्श एवं उपचार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी श्री अनिल पिपलोदिया द्वारा किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सकारात्मक सोच एवं मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर