शब्द अग्नि / जमीर मंसूरी
खरगोन। अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 16 हजार रुपये कीमत की एक देशी पिस्टल जब्त की है मामले में हथियार बेचने और खरीदने वाले अन्य आरोपियों को भी नामजद किया गया है।
मुखबिर की सुचना पर पकड़ाया आरोपी- केस दर्ज
पुलिस के अनुसार 6 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक नवग्रह मेला ग्राउंड के पास अवैध हथियार लेकर इंदौर की ओर बेचने जाने वाला है सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक बनवारीलाल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक युवक को पकड़ लिया गया पूछताछ में युवक ने अपना नाम अयान पिता सलाउद्दीन शाह (20 वर्ष), निवासी जिलानी नगर, खरगोन बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। हथियार के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने गुलशन नगर निवासी एक युवक से दो पिस्टल खरीदी थीं। इनमें से एक पिस्टल वह दो दिन पहले इंदौर निवासी एक युवक को बेच चुका था, जबकि दूसरी पिस्टल बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर हथियार बेचने वाले और खरीदने वाले दोनों व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया है।
Author: Shabd Agni
.