पिता की नजर पड़ते ही मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
शब्द अग्नि/आशीष बृजेश द्विवेदी
सिंगरौली/देवसर जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कूदवार चौकी के ग्राम पंचायत ढोडकी टोला चौरहिया में रविवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी रामभजन सिंह गोंड़ (10 वर्ष) पिता सुखमान सिंह गोंड़ का शव गांव के एक कुएं में तैरता मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार रविवार 7 जून की रात लगभग 10 बजे बालक के पिता सुखमान सिंह गोंड़ ने कुएं में देखा तो उनका पुत्र पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल कूदवार चौकी एवं जियावन पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बालक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बालक कुएं में कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। वहीं ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Author: Shabd Agni
.