आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की रक्षा: हमारा संकल्प, जैविक कृषि- राजीव यादव
शब्द अग्नि / धार
धार। धरती की रक्षा, पर्यावरण सुरक्षा और मानव स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मलगांव स्थित गिर गाय गौशाला में एक दिवसीय किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। भगवान श्री कृष्ण की प्रेरणा से शुरू हुए ‘गौ आधारित जैविक कृषि अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कृषि विज्ञान में स्वर्ण पदक प्राप्त कृषि विज्ञानी अजीत केलकर, पूर्व विधायक करणसिंह पंवार एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अनंत अग्रवाल द्वारा गौमाता का विधि-विधान से पूजन कर किया गया। इसके बाद उपस्थित कृषकों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया।
गौ आधारित कृषि अपनाने की अपील
मुख्य वक्ता कृषि विज्ञानी अजीत केलकर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से हमारी मिट्टी की उपजाऊ शक्ति नष्ट हो रही है और जलवायु प्रदूषित हो रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि इन रसायनों से उपजी फसलों के कारण आम नागरिक खतरनाक बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। श्री केलकर ने पुराने समय की खेती का उदाहरण देते हुए कहा, “हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा। जब देश में गौ आधारित कृषि होती थी, तब पर्यावरण भी सुरक्षित था और लोगों का स्वास्थ्य भी उत्तम रहता था।” उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती छोड़ तत्काल गौ आधारित कृषि अपनाने की अपील की।
Author: Shabd Agni
.