VISITORS

0 1 0 1 7 6

June 9, 2026 5:08 am

+91 8878812345

Explore

Search

June 9, 2026 5:08 am

धार : ग्राम दर्शन-राम दर्शन अभियान

51 हजार तुलसी पौधे बांटे गए, सनातन संस्कृति को बढ़ावा

शब्द अग्नि / धार

धार। राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की स्मृति में ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ अभियान मध्य प्रदेश के धार जिले की पर्यटन नगरी मांडू में शुरू हुआ। सोमवार को मांडू के चतुर्भुज राम मंदिर में महामंडलेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. नरसिंह दास महाराज और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सावित्री ठाकुर ने इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 51 हजार तुलसी के पौधों का पूजन कर उन्हें मांडू नगर, आसपास के क्षेत्रों और आने वाले पर्यटकों को वितरित किया गया। अभियान की शुरुआत संत-महात्माओं, आचार्यों और पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार, पुष्पांजलि और महाआरती के साथ हुई। भगवान शालिग्राम का विशेष औषधीय अभिषेक पूजन-अर्चन भी किया गया। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने बताया कि यह गांवों में आयोजित एक अनूठा पर्यावरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम है। इसका मुख्य उद्देश्य रामचरितमानस के माध्यम से गांवों में संस्कार, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है, जिसमें तुलसी के पौधे बांटना शामिल है। उन्होंने तुलसी को लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और रोगों से दूर रखने के लिए रामबाण बताया।

रोगों से लड़ने में सहायक

महामंडलेश्वर नरसिंह दास महाराज ने कहा कि तुलसी का पौधा घर को मंदिर का रूप देने के साथ-साथ शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करता है। सनातन संस्कृति में ‘घर-घर तुलसी’ का होना अत्यंत शुभ और अनिवार्य माना गया है। यह आध्यात्मिक और औषधीय गुणों का भंडार है जो घर में सुख-समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और आरोग्यता लाता है। उन्होंने यह भी बताया कि इसके पत्तों का नित्य सेवन सर्दी-जुकाम और रोगों से लड़ने में सहायक होता है। ग्राम दर्शन-राम दर्शन समिति के अध्यक्ष नवनीत जैन ने कहा कि तुलसी को देवी लक्ष्मी का साक्षात स्वरूप माना जाता है। जिस घर में तुलसी हरी-भरी होती है, वहां सदैव धन-धान्य और मां लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। तुलसी का पौधा घर से नकारात्मक ऊर्जा, बुरी नजर और वास्तु दोषों को दूर करता है। यह ‘ग्राम दर्शन-राम दर्शन’ अभियान पांच दिवसीय है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 51 हजार तुलसी के पौधे वितरित कर पर्यावरण और भारतीय संस्कृति का संरक्षण करना है।

Shabd Agni
Author: Shabd Agni

.

विज्ञापन
लाइव क्रिकेट स्कोर