लाखों की सड़क महज 8 माह में होने लगी जर्जर
शब्द अग्नि / राघवेंद्र रघुवंशी धार। धार जनपद के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत नवासा के अंतर्गत ताजपुर में प्रधानमंत्री सड़क से तेजाजी मंदिर चौक तक लगभग 8.61 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क महज 8 माह में ही बदहाल होने लगी है। सड़क पर जगह-जगह दरारें, उखड़ी हुई कंक्रीट और टूट-फूट दिखाई देने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटिया सामग्री उपयोग का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नई सड़क इतनी कम अवधि में ही क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार हुआ होता, तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती।
तकनीकी जॉच की माँग
ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण में उपयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो तथा यदि अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो संबंधित अधिकारियों, ठेकेदार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो ऐसे निर्माण कार्यों से सरकारी धन का दुरुपयोग होता रहेगा।
पोर्टल पर दर्शाया कुछ और बना कुछ
ताजपुर में प्रधानमंत्री सड़क से तेजाजी मंदिर चौक तक लगभग 8.61 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड निर्माण तेजाजी चौक पर ही बनाकर खत्म कर दिया गया है जबकि पोर्टल पर प्रधानमंत्री रोड से तेजाजी चौक तक बताया गया है, ऐसे में 8 लाख से अधिक की राशि से बनाई गई सडक पर जमकर भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है।
तेजाजी चौक पर ही किया गया निर्माण कार्य तत्कालीन इंजीनियर प्रधानमंत्री सड़क से तेजाजी मंदिर चौक तक लगभग 8.61 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी रोड निर्माण महज तेजाजी चौक पर ही बनाया गया था न ही प्रधानमंत्री सडक तक बनाया गया है।
सचिव ने नहीं उठाया फोन
वही इस सम्बन्ध में जब ग्राम पंचायत नवासा के सचिव राम मोहन व्यास से अपना पक्ष जानने के लिए फोन लगाया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया गया। वही इस सम्बन्ध में धार जनपद सीईओ ने बताया की मामला संज्ञान में आया है दिखवाता हूँ.
Author: Shabd Agni
.