सीएम से होगी शिकायत
रायसेन जिले के बाड़ी की बेशकीमती वक्फ भूमि का सौदा, जिम्मेदारों की मिलीभगत का आरोप | ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने सीबीआई जांच की मांग उठाई
शब्द अग्नि l राज ठाकुर बाड़ी
एशिया की सबसे बड़ी मस्जिदों में शुमार ताजुल मसाजिद की बेशकीमती जमीन नियतखोरों की नजर चढ़ गई है। रायसेन जिले में मौजूद करीब 253 एकड़ जगह का सौदा कर दिया गया है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत बताई जा रही है, वहीं इसको अंजाम देने में कांग्रेस नेताओं की भूमिका भी बताई जा रही है।
कर्नल इकबाल ने की थी वक्फ
बाड़ी क्षेत्र की करीब 253 एकड़ भूमि ताजुल मस्जिद कमेटी और दारुल उलूम को कर्नल इकबाल के माध्यम से वक्फ की गई थी, लेकिन इस जमीन का कथित रूप से विक्रय कर दिया गया है। ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने वक्फ की इस जमीन की बिक्री पर आपत्ति जताई है।
सीएम और मंत्री से करेंगे शिकायत
कमेटी के संरक्षक शमसुल हसन बल्ली ने इस मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर से शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने कांग्रेस के तथाकथित नेता इरफान दुर्रानी और उनके परिवार पर वक्फ की जमीन बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। बल्ली का कहना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
सीबीआई जांच की मांग
ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने इस मामले को लेकर रायसेन कलेक्टर, वक्फ बोर्ड और संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपने की बात कही है। साथ ही कमेटी ने पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग भी उठाई है। शमसुल हसन बल्ली का कहना है कि यदि वक्फ संपत्ति के साथ किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वक्फ की संपत्तियां समाज और धार्मिक उद्देश्यों के लिए होती हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। मामले को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है और निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो रही है।
Author: Shabd Agni
.